मप्र के 7 शहरों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे, भोपाल में टूटा 10 सालों का रिकार्ड..

भोपाल : लगातार चल रही सर्द हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में अच्छी सर्दी पड़ने लगी है। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रदेश में सबसे कम 8.1 डिग्री सेल्सियस तापमान मंडला में दर्ज किया गया। हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस पर रहा। सात शहरों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया।

पिछले 10 वर्ष का टूटा रिकॉर्ड

राजधानी में रात का तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो पिछले 10 वर्ष में नवंबर माह का सबसे कम तापमान रहा। इसके पहले 16 नवंबर 2013 को भोपाल का न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, हवाओं का रुख बदलने से रविवार रात के तापमान में बढ़ोतरी होने के आसार हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, वर्तमान में देश के पश्चिमोत्तर क्षेत्र में जेट स्ट्रीम (12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर पश्चिम से पूर्व की तरफ 250 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाओं का चलना) बना हुआ है। मध्य पाकिस्तान पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। राजस्थान पर एक प्रति चक्रवात भी बना हुआ है।

मध्य प्रदेश की तरफ आ रही सर्द हवाएं

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि प्रति चक्रवात के प्रभाव से लगातार सर्द हवाएं मध्य प्रदेश की तरफ आ रही हैं, जिससे तापमान में गिरावट का सिलसिला बना हुआ है। हालांकि प्रति चक्रवात कुछ कमजोर पड़ गया है। उधर, बंगाल की खाड़ी में भी हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है।

इस मौसम प्रणाली के शनिवार को कम दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित होने की संभावना है। इसके प्रभाव से हवाओं का रुख बदलने लगेगा, जिसके चलते रविवार से प्रदेश में न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने की संभावना है।

शुक्रवार को चार प्रमुख नगरों में तापमान

शहरअधिकतमन्यूनतम
भोपाल27.19.4
इंदौर27.212.8
ग्वालियर27.610.8
जबलपुर26.49.9
Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button