चेन्नई से मदुरै जा रही इंडिगो फ्लाइट में तकनीकी खराबी, उड़ान के 30 मिनट बाद लौटी वापस; सभी यात्री सुरक्षित

चेन्नई। मदुरै के लिए रवाना हुई इंडिगो की एक फ्लाइट को उड़ान भरने के लगभग आधे घंटे बाद तकनीकी खराबी के चलते चेन्नई एयरपोर्ट पर वापस लौटना पड़ा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्लाइट में कुल 68 यात्री सवार थे।
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट ने निर्धारित समय पर उड़ान भरी थी, लेकिन कुछ समय बाद विमान में तकनीकी दिक्कत महसूस की गई। पायलट ने तत्परता दिखाते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और चेन्नई एयरपोर्ट पर वापस लौटने की अनुमति मांगी। अनुमति मिलने के बाद विमान सुरक्षित रूप से चेन्नई हवाई अड्डे पर उतर गया।
एयरलाइन और एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी तरह की कोई अनहोनी नहीं हुई है। फ्लाइट की लैंडिंग के बाद तकनीकी टीम ने विमान की जांच शुरू कर दी है ताकि खराबी की सटीक वजह का पता लगाया जा सके।
फिलहाल इंडिगो की ओर से इस घटना को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार है। यात्रियों को वैकल्पिक फ्लाइट से गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब हाल के दिनों में तकनीकी खराबी के कारण कई फ्लाइट्स को वापस लौटना पड़ा है, जिससे उड़ानों की सुरक्षा व्यवस्था और मेंटेनेंस प्रक्रियाओं पर सवाल उठने लगे हैं।





