स्कूल में दारू और मुर्गा पार्टी करने वाले दो शिक्षक निलंबित, वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई

बिलासपुर। शिक्षा के मंदिर से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। बिलासपुर जिले के मस्तूरी विकासखंड स्थित शासकीय प्राथमिक शाला रहटाटोर में दो शिक्षकों ने स्कूल परिसर में पढ़ाई के दौरान दारू और मुर्गा पार्टी कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही शिक्षा विभाग हरकत में आ गया।
वीडियो में प्रधान पाठक राजेश्वर सिंह मरावी और सहायक शिक्षक मनोज कुमार नेताम शराब पीते और मांसाहार करते नजर आए। मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी मस्तूरी को जांच के आदेश दिए।
जांच में आरोप सही पाए जाने पर दोनों शिक्षकों को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के तहत तत्काल निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान दोनों का मुख्यालय शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ओखर निर्धारित किया गया है।
शिक्षा विभाग ने इस कार्रवाई को अनुशासन बनाए रखने की सख्त चेतावनी बताया है। अधिकारियों का कहना है कि स्कूल जैसे पवित्र स्थान पर इस तरह की हरकतें कतई बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।






