गरियाबंद में शिक्षिका का अधजला शव मिलने से हड़कंप, हत्या की आशंका पर जांच तेज

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के रिहायशी इलाके में स्थित साईं मंदिर के पास झाड़ियों में एक महिला का अधजला शव मिलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दो दिन की जांच के बाद मृतका की पहचान माजरकट्टा स्कूल में पदस्थ शिक्षिका जिनेश्वरी कुर्रे के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात की किसी को भनक तक नहीं लगी, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, शिक्षिका सुबह घर से निकली थी और कुछ समय बाद उनका शव साईं मंदिर के पीछे झाड़ियों में मिला। शुरुआती जांच में खुद से आग लगाने के कोई ठोस सबूत घटनास्थल से नहीं मिले हैं। इस कारण मामले में हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

मृतका गरियाबंद के सिविल लाइन वार्ड की रहने वाली थी। वह शादीशुदा थी और उसके बच्चे भी हैं। बताया गया है कि वह 18 दिसंबर को आयोजित एक जयंती समारोह में परिवार के साथ शामिल हुई थी। पुलिस को मामले में घरेलू विवाद का भी एंगल नजर आ रहा है, हालांकि अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है।

पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की प्रक्रिया की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई