रायगढ़ में टैक्स वसूली अभियान तेज, पेट्रोल पंप समेत 5 संस्थान सील

नगर निगम ने बकाया कर वसूली के लिए सख्त अभियान शुरू करते हुए कई बड़े बकायेदारों पर कार्रवाई की है। जूटमिल पर 26 लाख रुपए से अधिक के संपत्ति कर बकाया होने पर कुर्की नोटिस चस्पा किया गया, जबकि पेट्रोल पंप समेत पांच संस्थानों को सील कर दिया गया है।
निगम की संयुक्त टीम ने राजस्व, अतिक्रमण, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग के साथ मिलकर कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार शहर में कई संस्थान लंबे समय से संपत्ति कर, जलकर और अन्य शुल्क नहीं चुका रहे थे। जूटमिल पर 26 लाख 38 हजार से अधिक का बकाया पाया गया, जिसके बाद वहां कुर्की की कार्रवाई की गई।
गोरखा पतरापाली चौक स्थित एक पेट्रोल पंप पर भी कार्रवाई करते हुए उसे सील किया गया। संचालक पर 2013 से 11 लाख रुपए से अधिक का कर बकाया था। इसके अलावा अन्य बकायेदारों में वाहन संबंधित संस्थान, कबाड़ी दुकान और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल हैं, जिन पर लाखों रुपए का बकाया होने पर सीलिंग की कार्रवाई की गई।
निगम अधिकारियों के अनुसार सभी बकायेदारों को पहले नोटिस दिए गए थे, लेकिन भुगतान नहीं करने पर मजबूरन यह कदम उठाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी बड़े बकायेदारों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर अपने करों का भुगतान करें, अन्यथा उनके खिलाफ कुर्की और सीलिंग जैसी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही राजस्व विभाग ने सुविधा के लिए अवकाश के दिनों में भी कार्यालय खुले रखने का निर्णय लिया है, ताकि लोग आसानी से अपने बकाया कर जमा कर सकें।





