स्वामी विवेकानंद अंडर-20 फुटबॉल चैंपियनशिप का फाइनल आज, दिल्ली और मिजोरम में मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद

नारायणपुर। रामकृष्ण मिशन आश्रम ग्राउंड आज फिर युवा जोश और फुटबॉल के जुनून का शानदार नज़ारा पेश करेगा। यहां स्वामी विवेकानंद पुरुष अंडर-20 राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला दिल्ली और मिजोरम के बीच खेला जाएगा।
दोनों ही टीमों ने सेमीफाइनल में शानदार खेल दिखाया और अपने विरोधियों को 4-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
दिल्ली ने भारतीय खेल प्राधिकरण के खिलाफ तेज़ शुरुआत की। मैच के 15वें मिनट में अरमान अहमद ने हेडर से पहला गोल किया। इसके बाद संखिल दारपोल तुइशंग, प्रशान जाजो और आदित्य अधिकारी ने भी शानदार गोल किए और दिल्ली की जीत सुनिश्चित की।
वहीं, मिजोरम ने मेघालय के खिलाफ संतुलित और आक्रामक खेल दिखाया। 28वें मिनट में पहला गोल हुआ और फिर 76वें मिनट में लालरिंगहेटा ने पेनल्टी गोल किया। इसके बाद डेंटेस और एफ वनलालछनछुआ ने भी गोल करके मिजोरम को बड़ी जीत दिलाई।
दोनों ही टीमें पूरे टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही हैं, इसलिए फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है। एक तरफ दिल्ली की आक्रामक रणनीति है, तो दूसरी ओर मिजोरम की तेज़ी और टीमवर्क।
अब सभी की नजरें इसी पर टिकी हैं कि कौन बनेगा स्वामी विवेकानंद अंडर-20 फुटबॉल चैंपियन – दिल्ली या मिजोरम? मैदान पर खिलाड़ियों का प्रदर्शन ही तय करेगा जीत का सेहरा किसके सिर बंधेगा।





