एवीएम सैनिक स्कूल में आयोजित आध्यात्मिक योग सत्र में स्वामी त्यागराज जी ने दी सव्याख्यान प्रस्तुति

रायपुर:एवीएम सैनिक स्कूल में शुक्रवार को एक विशेष आध्यात्मिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम स्पिकमैके (SPIC MACAY) के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें बिहार स्कूल ऑफ योगा के योग शिक्षक स्वामी त्यागराज ने अपनी प्रेरणादायक सव्याख्यान प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात स्वामी त्यागराज जी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों व प्रबंधन को ध्यान मुद्रा, हृदय मुद्रा, ओम उच्चारण, सिंह गर्जनासन और एक पाद प्राणासन जैसे योगासनों का अभ्यास कराया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ इन योग क्रियाओं में भाग लिया।
स्वामी जी ने योग के वैज्ञानिक पहलुओं को सरल भाषा में समझाते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास से तनाव, मानसिक भटकाव और बेचैनी को प्रभावी रूप से नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्राणायाम और ध्यान से मानसिक एकाग्रता, शांति और जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण प्राप्त होता है।
स्वामी त्यागराज ने अपनी प्रस्तुति में ‘हरिओम, हैव नो होम’ नामक गीत को विद्यार्थियों के साथ मिलकर गाया, जिससे छात्रों को सदैव प्रसन्न रहने और जीवन की छोटी-छोटी बातों में खुशी ढूंढने का संदेश मिला।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ. अजय श्रीवास्तव, निदेशक एस. के. जनास्वामी, प्रधानाचार्या जी.आर. मधुलिका, शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
डॉ. अजय श्रीवास्तव ने कहा, “प्रसन्नता और सकारात्मक सोच व्यक्ति को जीवन की कठिनाइयों का सामना करने में समर्थ बनाती है।” वहीं निदेशक एस. के. जनास्वामी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “प्रसन्नता और सकारात्मकता का सामंजस्य ही जीवन की सभी समस्याओं का सरलतम समाधान है।”
अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या जी.आर. मधुलिका ने स्वामी त्यागराज जी को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार प्रकट किया। उन्होंने विद्यार्थियों को आह्वान किया कि वे योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं और स्वयं को मानसिक व शारीरिक रूप से संतुलित रखें।
कार्यक्रम के समापन पर सभी ने यह संकल्प लिया कि वे नियमित योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ, प्रसन्न और संतुलित जीवन की ओर अग्रसर होंगे।





