आत्मसमर्पित पूर्व नक्सलियों को नंदन वन की सैर, गृह मंत्री विजय शर्मा की अनोखी पहल

कवर्धा से एक अलग तरह की पहल सामने आई है। प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा ने नक्सल पुनर्वास नीति को जमीनी रूप देते हुए आत्मसमर्पण कर चुके पूर्व नक्सलियों को मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों को नया आयाम दिया है। पुनर्वास योजना के तहत इन लोगों को राजधानी रायपुर स्थित नंदन वन जंगल सफारी घुमाने ले जाया गया, जहां उन्होंने खुलकर बातचीत की और अपने अनुभव साझा किए। इस पहल को पुनर्वास नीति के मानवीय चेहरे के रूप में देखा जा रहा है।
जंगल सफारी भ्रमण के बाद गृह मंत्री विजय शर्मा ने सभी को अपने सरकारी निवास पर भोजन के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर उनके वर्तमान जीवन, जरूरतों और पुनर्वास की स्थिति का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि आत्मसमर्पण कर चुके लोग अब सामान्य जीवन से संतुष्ट हैं और पहले की तुलना में खुद को अधिक सुरक्षित व स्थिर महसूस कर रहे हैं। उन्होंने सरकार की पहल और सहयोग के लिए आभार भी जताया।

कार्यक्रम के तहत आज सुबह 11 बजे सभी पूर्व नक्सली विधानसभा भी जाएंगे, जहां वे सदन की कार्यवाही को देखेंगे और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझेंगे। इसे सरकार की उस कोशिश के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें भटके हुए युवाओं को समाज की मुख्यधारा में सम्मानजनक जीवन की ओर प्रेरित किया जा रहा है।





