सूरजपुर में स्कूली बच्चों से नाले के पानी से धुलवाए बर्तन, हेडमास्टर सस्पेंड

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक सरकारी स्कूल में बच्चों से नाले के पानी से बर्तन धुलवाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए स्कूल की हेडमास्टर को सस्पेंड कर दिया है।
जानकारी के अनुसार यह मामला सूरजपुर जिले के देवीपुर स्थित अंबेडकर पारा की शासकीय माध्यमिक शाला का है। वायरल वीडियो में देखा गया कि स्कूल के बच्चे मिड-डे मील में इस्तेमाल होने वाले बड़े बर्तनों को पास के नाले में धो रहे हैं और बाद में उन्हें उठाकर स्कूल ले जा रहे हैं।
मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के आदेश दिए। जांच में सामने आया कि रसोइया संघ की हड़ताल के कारण स्कूल में खाना बनाने और बर्तन साफ करने के लिए कर्मचारी उपलब्ध नहीं थे। इसी वजह से हेडमास्टर और शिक्षकों ने बच्चों को बर्तन धोने के लिए नाले में भेज दिया था।
जांच रिपोर्ट के आधार पर स्कूल की हेडमास्टर मारिया गोरेती को निलंबित कर दिया गया है। वहीं संकुल प्राचार्य, संकुल समन्वयक और दो अन्य शिक्षकों को लापरवाही के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसके साथ ही दो शिक्षिकाओं की एक-एक वेतनवृद्धि भी रोक दी गई है।
बताया गया है कि 12 मार्च को स्कूल के बच्चे मिड-डे मील के बर्तनों को लेकर पास के नाले तक पहुंचे और वहीं उन्हें धोया। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
प्रदेश में रसोइया संघ की हड़ताल के कारण कई स्कूलों में मिड-डे मील व्यवस्था प्रभावित हुई है। ऐसे में कई जगह शिक्षकों को ही खाना बनाने की जिम्मेदारी निभानी पड़ रही है, जिससे व्यवस्थाओं पर असर पड़ रहा है।
इससे पहले भी जिले में एक स्कूल में आरटीई के तहत पढ़ने वाले छात्रों से निर्माण कार्य और पुताई कराने का मामला सामने आया था, जिसके बाद प्रशासन ने जांच शुरू की थी।





