रायपुर में चॉकलेट-गुटखे में ड्रग्स की सप्लाई: CA छात्रा समेत 6 गिरफ्तार; ढाई साल में 2 करोड़ का हेरोइन बेचा

रायपुर। रायपुर में पाकिस्तान से लाई जा रही हेरोइन की सप्लाई का खुलासा हुआ है। पुलिस ने 57 लाख रुपए मूल्य की हेरोइन बरामद की और CA की छात्रा समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी मनमोहन सिंह संधू उर्फ जग्गू नालंदा से जुड़े पंजाब के तस्करों से ड्रग्स लेकर रायपुर में सप्लाई करता था। उसके नेटवर्क में 200 लोग जुड़े हुए थे। पिछले ढाई साल में उसने लगभग 2 करोड़ रुपए का हेरोइन बेचा।
पुलिस के अनुसार, युवतियों का इस्तेमाल ड्रग्स की डिलीवरी में किया जाता था ताकि पुलिस को भनक न लगे। वीडियो और लोकेशन शेयरिंग के जरिए ग्राहकों तक ड्रग्स पहुँचाए जाते थे। युवतियां ड्रग्स किसी सुरक्षित जगह पर छोड़कर वीडियो और फोटो भेजती थीं। ड्रग्स चाय डिस्पोजल, चॉकलेट रैपर, गुटखे की पाउच, माचिस की डिब्बी आदि में छिपाकर सप्लाई की जाती थी।
21 अगस्त को क्राइम ब्रांच और कबीर नगर पुलिस की टीम को सूचना मिली कि वेदांत वाटिका में हेरोइन रखी है। तलाशी में मनमोहन के पास 273.19 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में पता चला कि वह माल अपने डिस्ट्रीब्यूटर विजय मोटवानी और भूषण शर्मा को देता था, जो इसे आगे सप्लाई करते थे। पुलिस ने हीरापुर और आरडीए कॉलोनी में रेड कर, मनमोहन की पत्नी जसप्रीत कौर, विजय मोटवानी, नितिन पटेल और दिव्या जैन को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से 1 दोपहिया वाहन, 5 मोबाइल फोन और 57 लाख रुपए मूल्य की हेरोइन जब्त की गई। आरोपियों की उम्र 19 से 30 साल के बीच है, जिसमें 2 कॉलेज स्टूडेंट शामिल हैं। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले ने रायपुर में ड्रग्स तस्करी के तरीकों, विशेषकर वीडियो और लोकेशन शेयरिंग के जरिए सप्लाई करने के नेटवर्क को उजागर किया है। पुलिस की जांच जारी है।





