जगदलपुर में कैंसर क्लिनिक और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का काम जनवरी से होगा शुरू: स्वास्थ्य मंत्री

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने जगदलपुर के महारानी अस्पताल और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में कैंसर क्लिनिक के निर्माण का मुद्दा उठाया। उन्होंने सवाल किया कि जब जून 2025 में ही निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है, तो अब तक सिर्फ टेंडर की प्रक्रिया ही क्यों चल रही है।
इस पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि कैंसर क्लिनिक और एमआरडी (MRI) भवन के निर्माण के लिए तकनीकी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके लिए निजी एजेंसी के जरिए डीपीआर बनाई गई और ईएनसी के माध्यम से स्वीकृति की प्रक्रिया चली। मंत्री ने कहा कि सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
विधायक किरण सिंह देव ने दोबारा सवाल करते हुए कहा कि अगर छह महीने तक टेंडर ही नहीं खुले, तो निर्माण में और देरी होगी। उन्होंने यह भी पूछा कि सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण आखिर कब शुरू होगा।
इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने विधानसभा में स्पष्ट आश्वासन देते हुए कहा कि कैंसर क्लिनिक और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल दोनों के निर्माण कार्य अगले महीने जनवरी में ही शुरू कर दिए जाएंगे।





