रायपुर में सनी लियोनी का कार्यक्रम रद्द, पुलिस ने कहा– नहीं ली गई थी अनुमति

रायपुर। पूर्व एडल्ट स्टार और अब बॉलीवुड फिल्मों में सक्रिय अभिनेत्री सनी लियोनी के रायपुर में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने स्पष्ट कर दिया है कि सनी लियोनी रायपुर नहीं आ रही हैं। एडिशनल डीसीपी (मध्य) ने जानकारी देते हुए बताया कि इस इवेंट के लिए पुलिस से किसी भी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी।
पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि यदि कोई आयोजन समिति बिना पूर्व अनुमति के कार्यक्रम आयोजित करने की कोशिश करती है, तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आयोजकों को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी है।
गौरतलब है कि इससे पहले खबर सामने आई थी कि सनी लियोनी 22 तारीख को राजधानी रायपुर में एक पब्लिक इवेंट में शामिल होंगी। जैसे ही यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल हुई, शहर में इसका विरोध शुरू हो गया।
बजरंग दल ने भी इस प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर कड़ा रुख अपनाया था। संगठन की ओर से आयोजन समिति को चेतावनी दी गई थी कि सनी लियोनी से जुड़ा कोई भी कार्यक्रम रायपुर में नहीं होने दिया जाएगा। उनका कहना था कि इस तरह का आयोजन सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से स्वीकार्य नहीं है और इससे युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
फिलहाल पुलिस की पुष्टि के बाद यह साफ हो गया है कि सनी लियोनी का रायपुर दौरा नहीं होगा और कार्यक्रम रद्द माना जा रहा है।





