बिलासपुर :फ्लाई ऐश ब्रिक्स में मजदूर ने लगाई फांसी, पुलिस जांच में जुटी

बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के धमनी चौक स्थित फ्लाई ऐश ब्रिक्स ईंट भट्ठे में एक मजदूर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान तुलसी रजक (निवासी ग्राम भंवर मोहरा, जिला कोरबा) के रूप में हुई है। वह ईंट भट्ठे में मजदूरी करता था और वहीं के लेबर रूम में रहता था।
घर जाने की बात कहकर निकला, लेकिन लौटने के बाद मौत को लगाया गले
मिली जानकारी के अनुसार, 20 मार्च को तुलसी घर जाने की बात कहकर सहकर्मी पार्वती केवट की साइकिल लेकर निकला था और 26 मार्च की रात वापस लौटा। 27 मार्च की सुबह जब पार्वती का बेटा अपनी साइकिल लेने तुलसी के कमरे में गया, तो उसने तुलसी को पंखे की कुंडी से गमछे के सहारे लटका हुआ पाया।
पुलिस जांच में शराब की लत का खुलासा, लेकिन असली वजह अब भी अज्ञात
सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक शराब पीने का आदी था और अपनी कमाई का सारा पैसा शराब में उड़ा देता था। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी और बच्चे बीते नौ साल से मायके में रह रहे थे।
हालांकि, आत्महत्या के पीछे की असली वजह अभी तक सामने नहीं आई है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।





