चलती स्कॉर्पियो में छात्रों की खतरनाक स्टंटबाजी, फेयरवेल पार्टी के नाम पर सड़क सुरक्षा से खिलवाड़

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्कूल छात्रों की लापरवाही और स्टंटबाजी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में छात्र-छात्राएं तीन स्कॉर्पियो वाहनों में सवार होकर चलती गाड़ियों की खिड़कियों से बाहर निकलते, रील बनाते और सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं। लड़कियां भी वाहन से बाहर झुककर पोज देती दिख रही हैं। यह घटना बालको क्षेत्र की बताई जा रही है।

बताया गया है कि छात्र फेयरवेल पार्टी में शामिल होने के लिए टीपी नगर स्थित महाराजा होटल पहुंचे थे। इससे पहले और पार्टी के बाद भी वे स्कॉर्पियो में सवार होकर शहर में घूमते रहे और खतरनाक तरीके से वीडियो बनाते रहे। बाद में पंजाबी गाने के साथ यह वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया, जिसके बाद मामला सामने आया।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लिया है। ट्रैफिक नियमों की खुलेआम अनदेखी को देखते हुए पुलिस नंबर प्लेट के आधार पर वाहन मालिकों की पहचान में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले पर बाल कल्याण समिति ने भी चिंता जताई है। समिति के सदस्य ने कहा कि नाबालिगों द्वारा इस तरह की गतिविधियां बेहद खतरनाक हैं और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और जिम्मेदारी निभाएं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार वायरल वीडियो के आधार पर जांच जारी है और दोषी पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले भी हाईकोर्ट सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी को लेकर सख्त टिप्पणी कर चुका है और ऐसे मामलों में कड़ी सजा देने की बात कह चुका है।

यह मामला एक बार फिर सोशल मीडिया पर लोकप्रियता के लिए युवाओं द्वारा की जा रही लापरवाह हरकतों और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button