MP के कॉलेजों में स्‍टूडेंट्स हर सप्ताह करेंगे दो घंटे साफ-सफाई

भोपाल। प्रदेश के महाविद्यालयों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए हर सप्ताह विद्यार्थी दो घंटे साफ-सफाई करेंगे। यह अभियान दो अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों को कालेज कैंपस के साथ ही सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई भी करनी होगी।

स्वच्छता पखवाड़े के तहत विद्यार्थियों द्वारा वर्ष में सौ घंटे तक न केवल खुद साफ-सफाई की जाएगी, बल्कि वे एक श्रृंखला भी बनाएंगे, जिसमें 100 लोगों को जोड़ेंगे। इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं । इसके तहत 17 सितंबर को विद्यार्थियों को हर सप्ताह दो घंटे सफाई करने की शपथ दिलाई जाएगी।

फिर विद्यार्थी 100 अन्य लोगों को शपथ दिलाएंगे और इन्हें प्रेरित करेंगे कि वे भी अन्य 100 लोगों को साफ-सफाई करने के लिए प्रेरित करें। विभाग ने इस बार प्रत्येक विद्यार्थी को इससे जोड़ने पर जोर दिया है। इसके लिए 15 दिन के अलग-अलग कार्यक्रम तय किए गए हैं।

यह दिलाई जाएगी शपथ

विद्यार्थियों को जो शपथ दिलाया जाना है। उसका आधार महात्मा गांधी का संकल्प रखा गया है। इसमें विद्यार्थी शपथ लेंगे कि स्वच्छता के लिए सजग रहूंगा, समय दूंगा। हर वर्ष सप्ताह में दो घंटे सफाई को दूंगा। दूसरे 100 लोगों को भी 100 घंटे श्रमदान की शपथ दिलाऊंगा, न गंदगी करूंगा न करने दूंगा। गांव-गांव, गली-गली स्वच्छ भारत मिशन का प्रचार करूंगा।

यह भी गतिविधियां होंगी

महाविद्यालयों में स्वच्छता विषय पर कार्यशाला, रैली, विमर्श, संगोष्ठी,व्याख्यान, पेटिंग्स, क्विज, काव्यपाठ की प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी। फिर 18 सितंबर से एक अक्टूबर तक कालेज परिसर, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, चौक-चौराहों, बाजार आदि सार्वजनिक स्थलों पर विद्यार्थियों की टीम साफ-सफाई करेगी।इसमें नदी, तालाब, सरोवर आदि की सफाई कर स्वच्छता का संदेश देने विद्यार्थियों की टीम पहुंचेंगी। महाविद्यालयों में दो अक्टूबर को कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र व पुरस्कार दिए जाएंगे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button