कोलकाता लॉ कॉलेज में छात्रा से गैंगरेप, आरोपियों के मोबाइल से मिला वीडियो

कोलकाता। साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज की एक 24 वर्षीय छात्रा से 25 जून को कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में मिले मेडिकल रिपोर्ट, CCTV फुटेज और आरोपियों के मोबाइल से मिली वीडियो क्लिप ने पीड़िता के आरोपों की पुष्टि की है। 26 जून को पीड़िता की मेडिकल जांच हुई, जिसमें गले और शरीर पर चोट के निशान मिले। 28 जून को मेडीको-लीगल टेस्ट किया गया, जिसमें यौन उत्पीड़न से इनकार नहीं किया गया है।
कॉलेज के कर्मचारी और दो छात्र आरोपी
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि कॉलेज कर्मचारी मनोजित मिश्रा, जो TMC की छात्र इकाई से जुड़ा है, ने दो छात्रों ज़ैब अहमद और प्रमित मुखर्जी के साथ मिलकर कॉलेज के गार्ड रूम में शाम 7:30 से रात 10:50 बजे तक गैंगरेप किया।
इनहेलर खरीदने के सबूत
घटना के दौरान पीड़िता को घबराहट हुई, तब इनहेलर लाने के लिए अहमद को पास की मेडिकल दुकान भेजा गया। CCTV से साफ हुआ कि उसने UPI से 350 का भुगतान किया।
गैंगरेप की साजिश पहले से रची गई
पूछताछ में सामने आया कि मनोजित ने दोनों छात्रों को कॉलेज यूनियन में पद देने का लालच देकर इस साजिश में शामिल किया था। पीड़िता को ‘गर्ल्स सेक्रेटरी’ पद का झांसा देकर कॉलेज में रोका गया। घटना के वक्त गार्ड पिनाकी बनर्जी को बाहर भेजा गया और उसका फोन छीन लिया गया। CCTV में वह कैंपस में घूमता दिखा लेकिन उसने प्रबंधन या पुलिस को नहीं बताया।
हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में याचिकाएं
इस मामले में अब तक कलकत्ता हाईकोर्ट में 3 याचिकाएं और सुप्रीम कोर्ट में 1 याचिका दायर की गई है। मांग की गई है कि किसी रिटायर्ड जज से जांच करवाई जाए। घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने कक्षाएं अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दी हैं। आरोपी मनोजित मिश्रा को बर्खास्त कर दिया गया है और दोनों छात्र कॉलेज से निष्कासित किए गए हैं। यह कदम राज्य शिक्षा विभाग के निर्देश पर उठाया गया।





