अवैध धान खरीदी-बिक्री पर सख्ती, माजदा वाहन समेत 150 बोरी धान जब्त

छत्तीसगढ़ में अवैध धान खरीदी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन किए जा रहे 150 बोरी धान को माजदा वाहन सहित जब्त किया है। यह धान एक स्थान से दूसरे स्थान पर अवैध रूप से बेचने के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।
पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक माजदा वाहन के जरिए ग्राम खरगहनी से ग्राम तेंदुभाठा की ओर अवैध रूप से धान ले जाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने ग्राम बारीडीह मेन रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और जांच की।
जांच के दौरान वाहन में कुल 150 कट्टी धान लदा हुआ पाया गया। वाहन चालक की पहचान रामेश्वर ध्रुव के रूप में हुई। जब उससे धान की खरीदी-बिक्री से संबंधित दस्तावेज, बिल या परमिट मांगे गए तो वह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में भी धान के वैध स्रोत के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दी जा सकी।
दस्तावेजों के अभाव और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने धारा 106 बीएनएसएस के तहत माजदा वाहन सहित 150 बोरी धान जब्त कर लिया। मामले की जानकारी तहसीलदार रतनपुर और खाद्य निरीक्षक को दी गई, जो आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध धान खरीदी-बिक्री से शासन की समर्थन मूल्य व्यवस्था प्रभावित होती है और किसानों को नुकसान पहुंचता है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध धान परिवहन और व्यापार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सघन कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।





