रायपुर में देर रात पुलिस का सख्त पहरा, 23 संदिग्ध पकड़े गए, चाकू-तलवार जब्त

रायपुर।शहर में अपराध पर लगाम लगाने के लिए रायपुर पुलिस ने देर रात सख्त गश्त अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में मुस्तैदी के साथ रात्रि गश्त की गई, ताकि अपराध होने से पहले ही उसे रोका जा सके।
इस अभियान में पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा के नेतृत्व में थाना प्रभारियों व पुलिस टीमों ने अलग-अलग इलाकों में गश्त की।
गश्त के दौरान थाना सिविल लाइन क्षेत्र में अड्डेबाजी कर रहे और संदिग्ध रूप से घूमते 23 लोगों को पकड़ा गया। इनमें कुछ लोग दोपहिया और चारपहिया वाहनों से घूम रहे थे। तलाशी लेने पर उनके पास से अवैध रूप से 3 चाकू और 1 तलवार बरामद की गई। इस मामले में थाना सिविल लाइन में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं रात 12 बजे से सुबह 3 बजे तक आजाद चौक क्षेत्र में मोबाइल चेक पोस्ट लगाकर संदिग्ध लोगों और वाहनों की सघन जांच की गई। इसके अलावा बस स्टैंड, रजबंधा मैदान और बोरियाखुर्द कॉलोनी में गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों और लगातार अपराधों में शामिल लोगों की भी चेकिंग की गई।
पुलिस का कहना है कि आगे भी इस तरह की सख्त रात्रि गश्त जारी रहेगी, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था बनी रहे और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हो।





