धान खरीदी में लापरवाही पर सख्ती, सक्ती में पटवारी राजकुमार आजाद निलंबित

सक्ती।खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 के तहत जिले में चल रही धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन सक्ती ने सख्त कदम उठाया है। किसानों के हित से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्य में गंभीर लापरवाही बरतने पर तहसील सक्ती में पदस्थ पटवारी राजकुमार आजाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सक्ती द्वारा की गई।

प्रशासनिक जांच में सामने आया कि पटवारी राजकुमार आजाद ने धान खरीदी वर्ष 2025–26 से जुड़े कार्यों में अपने दायित्वों का ठीक से निर्वहन नहीं किया। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी की और बिना पूर्व अनुमति के कार्यस्थल से अनुपस्थित पाए गए, जिससे धान खरीदी व्यवस्था प्रभावित हुई।

जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि संबंधित पटवारी का आचरण शासकीय सेवा नियमों के विरुद्ध है। इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1) के तहत कदाचार की श्रेणी में रखा गया है। इसी आधार पर उन्हें निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय सक्ती रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। मामले में विभागीय जांच आगे भी जारी रहेगी।

कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने स्पष्ट कहा है कि धान खरीदी शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला प्रशासन ने संकेत दिया है कि भविष्य में भी यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button