भोपाल में अवैध कॉलोनियों पर सख्त कार्रवाई, 111 से ज्यादा कॉलोनाइजरों पर एफआईआर की तैयारी

भोपाल जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा एक्शन शुरू कर दिया है। जिले में 111 से अधिक अवैध कॉलोनियों की पहचान कर उनकी सूची पुलिस को सौंप दी गई है। इसके आधार पर संबंधित थाना क्षेत्रों में भूमाफिया और जमीन मालिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। इसके बाद नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम अवैध निर्माण और कब्जे हटाने की कार्रवाई करेगी।

प्रशासन के अनुसार परवलिया सड़क, सूखी सेवनिया सहित कई थाना क्षेत्रों में मामले दर्ज किए जा चुके हैं। जांच में सामने आया है कि भूमाफिया ने किसानों और जमीन मालिकों के साथ मिलकर कृषि भूमि पर अवैध प्लाटिंग की। लोगों को बिजली, पानी, सड़क, सीवेज और अन्य सुविधाओं का झांसा देकर प्लाट बेचे गए, जबकि इन कॉलोनियों के लिए किसी तरह की वैधानिक अनुमति नहीं ली गई थी।

जिले की हुजूर, कोलार, बैरसिया और गोविंदपुरा तहसील क्षेत्रों में पिछले एक वर्ष के दौरान बड़ी संख्या में अवैध कॉलोनियां विकसित की गईं। इनमें से 90 प्रतिशत से अधिक कॉलोनियां कृषि भूमि पर बनाई गई हैं। जमीन मालिकों और कॉलोनाइजरों ने केवल रजिस्ट्री कराकर लोगों को प्लाट बेचे, जबकि बुनियादी सुविधाओं के लिए खरीदार अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।

लगातार शिकायतें मिलने के बाद प्रशासन ने सभी एसडीएम को अवैध कॉलोनियों की पहचान कर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए थे। सुनवाई के दौरान कॉलोनाइजर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए, जिसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई का निर्णय लिया गया।

ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र में मां की जमीन पर बेटों द्वारा अवैध कॉलोनी काटने का मामला भी सामने आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। इसके अलावा सूखी सेवनिया, परवलिया सड़क समेत अन्य क्षेत्रों में अब तक करीब 10 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं।

प्रशासन का कहना है कि पुलिस केस दर्ज होने के बाद अवैध निर्माण और कब्जे हटाने की कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button