शेयर बाजार में गिरावट, मिडकैप-स्मॉलकैप ने बढ़त बनाई

दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को मिश्रित वैश्विक संकेतों के बीच लाल निशान पर खुला। सुबह 9:29 बजे सेंसेक्स 231.64 अंक या 0.28% की गिरावट के साथ 82,299.10 और निफ्टी 49.95 अंक या 0.20% की गिरावट के साथ 25,012.15 पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी बैंक में भी 52.40 अंक की गिरावट दर्ज की गई, जबकि निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप में मामूली बढ़त देखी गई।
शुरुआती कारोबार में आईटी, फाइनेंशियल सर्विसेज और फार्मा सेक्टर में बिकवाली रही। सेंसेक्स में भारती एयरटेल, इंडसइंड बैंक, एसबीआई, इंफोसिस, एचसीएल टेक और एमएंडएम के शेयर गिरावट में थे, जबकि अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी, मारुति सुजुकी और एक्सिस बैंक के शेयर बढ़त में रहे।
विश्लेषकों का मानना है कि निफ्टी ने तकनीकी रूप से मजबूत बुलिश कैंडल फॉर्म किया है और 25,000 के महत्वपूर्ण स्तर से ऊपर बंद हुआ है। चॉइस ब्रोकिंग के हार्दिक मटालिया के अनुसार, तत्काल समर्थन 24,850-24,700 और प्रतिरोध 25,100-25,235 स्तर पर है। 25,235 के ऊपर ब्रेकआउट से निफ्टी 25,500-25,743 तक पहुंच सकता है। उन्होंने ट्रेडर्स को “बाय ऑन डिप्स” रणनीति अपनाने और बड़े ओवरनाइट पोसिशन से बचने की सलाह दी।
इन देशों में ये स्थिति
एशियाई बाजारों में चीन, हांगकांग और जापान लाल निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि बैंकॉक, जकार्ता और सोल हरे निशान में थे। अमेरिकी बाजारों में डाउ जोंस और एसएंडपी 500 बढ़त पर बंद हुए, जबकि नैस्डैक गिरावट में रहा। अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों में प्रोड्यूसर प्राइस इंडेक्स (PPI) में आश्चर्यजनक गिरावट दर्ज की गई, जिससे फेडरल रिजर्व के आगामी कदमों पर असर पड़ सकता है। एफआईआई 5,392.94 करोड़ रुपए की शुद्ध खरीदारी में सक्रिय रहे, जबकि डीआईआई ने 1,668.47 करोड़ रुपए की बिक्री की।





