रायपुर में 18 से 22 दिसंबर तक प्रदेश का सबसे बड़ा निशुल्क मेगा हेल्थ कैंप

रायपुर: राजधानी रायपुर में गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर 18 से 22 दिसंबर 2025 तक मेगा हेल्थ कैंप-2025 का आयोजन किया जा रहा है। यह पांच दिवसीय शिविर आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। आयोजकों के अनुसार, यह अब तक का छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा हेल्थ कैंप होगा।
इस विशाल स्वास्थ्य शिविर में देशभर के जाने-माने विशेषज्ञ डॉक्टर और छत्तीसगढ़ के प्रमुख अस्पतालों की टीम पूरी तरह निशुल्क जांच और इलाज की सुविधा देगी। अब तक 18 हजार से अधिक लोग इस कैंप के लिए पंजीकरण करा चुके हैं।
मेगा हेल्थ कैंप के आयोजक और पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने बताया कि इस आयोजन का मकसद मरीजों को एक ही जगह पर जांच से लेकर इलाज तक की सुविधा देना है। आमतौर पर मरीजों को अलग-अलग जांच और इलाज के लिए कई जगह जाना पड़ता है, लेकिन इस कैंप में सारी व्यवस्थाएं एक ही छत के नीचे की गई हैं। रोजाना करीब 8 से 10 हजार मरीजों के चेकअप की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि बढ़ते ब्रेस्ट कैंसर के मामलों को देखते हुए दिल्ली से विशेष मशीन और विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई है। किसी महिला में समस्या पाए जाने पर तुरंत इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
विधायक राजेश मूणत ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने और अपने परिवार के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें और इस हेल्थ कैंप का लाभ उठाएं। उन्होंने साफ किया कि कैंप में आने वाले मरीजों से किसी भी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा, यह शिविर पूरी तरह निशुल्क है।





