GST चोरी पर स्टेट GST की बड़ी कार्रवाई, कोरबा और रायपुर में कोयला कारोबारियों पर छापे

रायपुर। छत्तीसगढ़ में GST चोरी के मामलों को लेकर स्टेट GST विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। बिलासपुर में तीन बड़े कोयला कारोबारी समूहों पर छापेमारी के बाद अब जांच का दायरा और बढ़ा दिया गया है। इसी कड़ी में स्टेट GST की टीम ने आज कोरबा जिले में दो बड़े कोयला कारोबारियों और राजधानी रायपुर में एक बड़े कोयला कारोबारी के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान कारोबारियों के कार्यालय, गोदाम और अन्य व्यावसायिक परिसरों में मौजूद दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। GST अधिकारियों को शक है कि इन कारोबारियों ने बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी की है। शुरुआती जांच में इनवॉइस, ई-वे बिल और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले बिलासपुर में स्टेट GST विभाग ने महावीर कोल वाशरी, फिल (फील) ग्रुप और पारस कोल एंड बेनिफिकेशन के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की थी। जांच के बाद इन तीनों समूहों ने कुल 27 करोड़ 61 लाख रुपये GST विभाग को सरेंडर किए थे। इसमें महावीर कोल वाशरी ने करीब 10 करोड़ रुपये, फिल ग्रुप ने लगभग 11 करोड़ रुपये और पारस कोल वाशरी ने करीब 6.50 करोड़ रुपये जमा किए थे।
GST विभाग ने साफ कहा है कि टैक्स चोरी करने वालों से सिर्फ राशि वसूलना ही नहीं, बल्कि नियमों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, कोयला कारोबार में फर्जी बिलिंग, इनपुट टैक्स क्रेडिट के गलत इस्तेमाल और लेन-देन में गड़बड़ी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर पूरे प्रदेश में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।
विभाग ने व्यापारियों से अपील की है कि वे समय पर और सही तरीके से अपने कर दायित्वों का पालन करें। GST नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।





