CG Raipur:7 महीने से फरार चाकूबाज गिरफ्तार, दो आरोपी अभी भी फरार

CG Raipur:रायपुर। पुलिस ने 7 महीने से फरार चल रहे चाकूबाज विक्की मिरी उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 27 अप्रैल 2024 को अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस मामले में दो अन्य आरोपी भुरू उर्फ कृष्णा साहू और मलेश साहू अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
क्या था पूरा मामला?
28 अप्रैल 2024 को डागेश्वर साहू ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका भाई धनेश साहू एक दिन पहले महामाया कलेक्शन दुकान आया था और उसके पेट में गंभीर चोटें थीं। जब डागेश्वर ने अपने भाई से पूछा तो उसने बताया कि पाटीदार भवन, भनपुरी के पास शाम 6:30 बजे विक्की और उसके दो साथी भुरू उर्फ कृष्णा साहू और मलेश साहू ने उसे गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। जब उसने विरोध किया, तो विक्की ने चाकू से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी विक्की मिरी के खिलाफ धारा 294, 323, 506, 34 और 307 के तहत केस दर्ज किया।
आज 3 मार्च 2025 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि विक्की मिरी अपने घर पर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल उसके निवास स्थान बंधवा तालाब, भनपुरी थाना खमतराई में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में विक्की ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों मलेश साहू और भुरू उर्फ कृष्णा साहू के साथ मिलकर धनेश साहू पर चाकू से हमला किया था।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी विक्की मिरी के खिलाफ धारा 201 भी जोड़ दी गई और उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब फरार आरोपियों मलेश साहू और भुरू उर्फ कृष्णा साहू की तलाश में जुटी हुई है।
आरोपी का विवरण:
1. विक्की मिरी उर्फ सोनू
पिता: राजू मिरी
उम्र: 20 साल
निवासी: बंधवा तालाब, भनपुरी, थाना खमतराई
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को फरार आरोपियों मलेश साहू और भुरू उर्फ कृष्णा साहू के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।





