छत्तीसगढ़ में निवेश की तैयारी में श्रीलंका का ललन ग्रुप, मुख्यमंत्री से की मुलाकात

रायपुर/मुंबई।मुंबई में आज छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से श्रीलंका के प्रमुख औद्योगिक समूह ललन ग्रुप के प्रतिनिधि श्री दिलीप पारिक ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की।
दिलीप पारिक ने बताया कि ललन ग्रुप श्रीलंका का एक बड़ा औद्योगिक समूह है, जो बागान, रबर उत्पाद, निर्माण, लॉजिस्टिक्स, पैकेजिंग, इंजीनियरिंग और होटल कारोबार जैसे कई क्षेत्रों में काम करता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की औद्योगिक नीति और संसाधनों से भरपूर माहौल उनके समूह के लिए बेहद अनुकूल है।
बैठक में पारिक ने छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति की तारीफ करते हुए राज्य में धागा और कपड़ा निर्माण इकाई लगाने की इच्छा जताई। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से 24 घंटे की शिफ्ट व्यवस्था, ऑनलाइन क्लीयरेंस और समयबद्ध सेवाएं जैसे प्रावधान निवेशकों को काफी आकर्षित कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ललन ग्रुप की इस पहल का स्वागत किया और कहा कि राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे छत्तीसगढ़ में टेक्सटाइल उद्योग को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।