तेज रफ्तार टैंकर ने छीनी दो जिंदगियां: सूरजपुर में मां-बेटे की दर्दनाक मौत

सूरजपुर जिले के भटगांव थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। इस हादसे में स्कूटी सवार मां और उसके 10 साल के बेटे की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, जरही निवासी उर्मिला नायक अपने बेटे के साथ स्कूटी से माटीगुड़ा जा रही थीं। जैसे ही वे कप्सरा गांव के पास पहुंचीं, तेज रफ्तार डीजल टैंकर ने उनकी स्कूटी को जबरदस्त टक्कर मार दी।
इस भयानक टक्कर में बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उर्मिला को तुरंत अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि उर्मिला नायक नगर पंचायत जरही में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत थीं। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन लेकर फरार हो गया, लेकिन लटोरी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
फिलहाल पुलिस इस हादसे की जांच में जुटी हुई है। परिवार में मातम पसरा हुआ है और इलाके में शोक की लहर है।





