12 राज्यों में शुरू होगा मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण, चुनाव आयोग ने किया ऐलान

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने सोमवार को देश में दूसरे चरण के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) की घोषणा की है। इस चरण में 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को शामिल किया गया है। इनमें पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, राजस्थान, पुडुचेरी, मध्य प्रदेश, लक्षद्वीप, केरल, गुजरात, गोवा, छत्तीसगढ़ और अंडमान-निकोबार शामिल हैं।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इन राज्यों की मतदाता सूची सोमवार रात से फ्रीज कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि करीब दो दशक बाद यह एसआईआर कराई जा रही है ताकि मतदाता सूची से गलतियों को दूर किया जा सके।
सीईसी ने कहा, “हर चुनाव से पहले वोटर लिस्ट का रिवीजन जरूरी है। पिछले कुछ सालों में राजनीतिक दलों ने मतदाता सूची में गड़बड़ियों की शिकायत की थी, इसलिए यह कदम बेहद आवश्यक है।”
ज्ञानेश कुमार ने बताया कि पहले चरण में बिहार में एसआईआर पूरी हो चुकी है और वहां की मतदाता सूची को सबसे शुद्ध और सटीक माना गया है। उन्होंने कहा, “बिहार में 7.5 करोड़ मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और किसी ने भी कोई आपत्ति नहीं दर्ज कराई। अब दूसरा चरण शुरू किया जा रहा है।”
इस तरह, देश के 12 राज्यों में मतदाता सूची को सुधारने और अपडेट करने का बड़ा अभियान अब शुरू हो गया है।





