सुकमा में रक्षाबंधन पर खास आयोजन: आत्मसमर्पित नक्सली महिलाएं बांधेंगी गृह मंत्री को राखी

सुकमा। रक्षाबंधन के दिन इस बार छत्तीसगढ़ के सुकमा और दंतेवाड़ा में एक अनोखा और भावनात्मक आयोजन होगा। 9 अगस्त को उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा इन जिलों के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान आत्मसमर्पण कर चुकी नक्सली महिलाएं और दंतेश्वरी फाइटर्स की महिला कमांडो उन्हें राखी बांधेंगी।
गृह मंत्री सुकमा के पुनर्वास केंद्र भी जाएंगे, जहां आत्मसमर्पित महिलाओं के साथ उनका रक्षाबंधन मनाया जाएगा। यह आयोजन नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और पुनर्वास की दिशा में सरकार की एक भावनात्मक और संवेदनशील पहल है।
सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वालों को न सिर्फ सुरक्षा दी जा रही है, बल्कि उन्हें शिक्षा, स्वरोजगार, कौशल प्रशिक्षण और समाज में दोबारा सम्मानजनक जीवन जीने का मौका भी दिया जा रहा है। रक्षाबंधन जैसे पर्वों से यह संदेश दिया जा रहा है कि शासन और समाज दोनों ऐसे लोगों को अपनाने और आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं।
गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा, “जो लोग हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, उन्हें सरकार हरसंभव मदद और मार्गदर्शन दे रही है। रक्षाबंधन जैसे त्योहारों के जरिए हम यह दिखाना चाहते हैं कि हम उन्हें अपनाते हैं और उनके साथ हैं।”
यह आयोजन उन सभी लोगों के लिए एक प्रेरणा है जो अब भी गलत रास्ते पर हैं- कि अगर वे लौटना चाहें, तो सरकार और समाज उनका स्वागत करने के लिए तैयार हैं।





