नवरात्रि में श्रद्धालुओं के लिए स्पेशल ट्रेन: इतवारी–कोरबा के बीच मेमू सेवा शुरू

बिलासपुर। चैत्र नवरात्रि के दौरान मां बम्लेश्वरी मंदिर में लगने वाले मेले को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की है। भारतीय रेलवे ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी) से कोरबा के बीच मेमू स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
यह स्पेशल ट्रेन 23 मार्च से 28 मार्च तक संचालित होगी और इस दौरान कुल 63 स्टेशनों पर रुकेगी। पूरी यात्रा तय करने में ट्रेन को लगभग 14 घंटे 30 मिनट का समय लगेगा।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन नंबर 06883 इतवारी से सुबह 5 बजे रवाना होकर शाम 7:30 बजे कोरबा पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन नंबर 06884 कोरबा से सुबह 5:10 बजे चलकर शाम 7:30 बजे इतवारी पहुंचेगी।
इस दौरान ट्रेन सुबह 9:06 बजे डोंगरगढ़ पहुंचेगी और 5 मिनट के ठहराव के बाद आगे रवाना होगी। वापसी में यह ट्रेन दोपहर 1:41 बजे डोंगरगढ़ पहुंचेगी।
प्रमुख ठहराव वाले स्टेशनों में दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर, जांजगीर-नैला और चांपा सहित कई स्टेशन शामिल हैं।
नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु डोंगरगढ़ पहुंचते हैं, ऐसे में यह स्पेशल ट्रेन यात्रियों को बड़ी राहत देगी और यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाएगी।





