रायपुर में 15 जून से चलेगा विशेष कुष्ठ रोग खोज अभियान, घर-घर पहुंचकर होगी जांच

रायपुर जिले में कुष्ठ रोग की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के लिए 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक सघन कुष्ठ खोज अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की सर्वेक्षण टीमें घर-घर जाकर लोगों की जांच करेंगी और संभावित मरीजों की पहचान कर उन्हें निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर जिला अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित विभागों को आवश्यक सहयोग और समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिले में 587 मरीजों का चल रहा उपचार
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार रायपुर जिले की जनसंख्या 28 लाख 57 हजार 744 है। वर्ष 2026 में अब तक 124 नए कुष्ठ रोगियों की पहचान की गई है, जिनमें 22 पीबी और 102 एमबी श्रेणी के मरीज शामिल हैं। वर्तमान में जिले में कुल 587 मरीज उपचाररत हैं, जबकि व्यापकता दर 2.05 दर्ज की गई है।
घर-घर जाकर की जाएगी स्वास्थ्य जांच
अभियान के लिए दो सदस्यीय सर्वेक्षण टीमों का गठन किया गया है, जिनमें एक महिला और एक पुरुष सदस्य शामिल रहेंगे। ये टीमें घर-घर पहुंचकर त्वचा पर सुन्न दाग-धब्बे, शरीर के अंगों में सुन्नपन, हथेलियों और पैरों में झुनझुनी, तथा उंगलियों, पलकों या चेहरे की मांसपेशियों में कमजोरी जैसे लक्षणों की जांच करेंगी। संदिग्ध लक्षण मिलने पर संबंधित व्यक्ति को स्वास्थ्य केंद्र भेजा जाएगा।
पुष्टि होने पर मिलेगा निःशुल्क उपचार
जांच के दौरान कुष्ठ रोग की पुष्टि होने पर मरीजों को निःशुल्क मल्टी ड्रग थेरेपी (एमडीटी) उपलब्ध कराई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि यह उपचार रोग को पूरी तरह नियंत्रित करने में प्रभावी है। विभाग ने नागरिकों से सर्वेक्षण टीमों का सहयोग करने और किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की है।





