सुकमा में चल रहा आयुष्मान कार्ड बनाने का विशेष अभियान, बुजुर्गों को भी मिल रहा लाभ

सुकमा। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन में सुकमा जिले में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत स्वास्थ्य केंद्रों और गांव-गांव में कैंप लगाकर ग्रामीणों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। ‘आपके द्वार आयुष्मान’ अभियान के तहत आयुष्मान मित्र दूरदराज के इलाकों में जाकर ग्रामीणों का कार्ड बनाने का कार्य कर रहे हैं, ताकि सभी पात्र लोग शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठा सकें।

अब तक बने इतने कार्ड

जिला समन्वयक सुश्री मीना बघेल ने बताया कि सुकमा जिले में कुल 82,324 पंजीकृत राशन कार्ड धारक हैं, जिनमें कुल 2,59,979 हितग्राही शामिल हैं। अब तक 1,72,827 हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड बनाया जा चुका है। शेष 87,152 हितग्राहियों के कार्ड बनाने का काम तेजी से जारी है।

बुजुर्गों को घर बैठे इलाज की सुविधा

सरकार की एक और नई पहल ‘आयुष्मान वय वंदना योजना’ के तहत अब 70 साल से अधिक उम्र के सभी बुजुर्गों को अस्पताल में मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। इस योजना में सभी मौजूदा बीमारियों का इलाज पहले दिन से ही कवर किया जाएगा। जिले में अब तक 155 बुजुर्गों के आयुष्मान वय वंदना कार्ड बन चुके हैं।

स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर वरिष्ठ नागरिकों का पंजीकरण कर रही हैं और मौके पर ही उन्हें आयुष्मान कार्ड प्रदान कर रही हैं। इससे बुजुर्गों को अस्पताल जाकर लंबी कतारों में खड़े होने या जटिल कागजी प्रक्रिया से गुजरने की जरूरत नहीं पड़ रही है।

स्वास्थ्य कर्मियों की सराहनीय भूमिका

इस अभियान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, एएनएम और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनका प्रयास है कि जिले का कोई भी पात्र बुजुर्ग इस सुविधा से वंचित न रहे। यह पहल बुजुर्गों को न केवल बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान कर रही है, बल्कि उन्हें गरिमापूर्ण जीवन जीने में भी मदद कर रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई