South Korea President Arrested: बर्खास्त राष्ट्रपति यून सुक-योल गिरफ्तार, पुलिस ने सीढ़ी लगाकर घर में की कार्रवाई

सियोल। साउथ कोरिया के बर्खास्त राष्ट्रपति यून सुक-योल को बुधवार को पुलिस ने उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। योल पर मार्शल लॉ लागू करने और सत्ता का दुरुपयोग करने के आरोप हैं।
योल को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस को सीढ़ी लगाकर उनके घर में दाखिल होना पड़ा। उनके समर्थकों और सुरक्षा गार्ड्स ने पुलिस को रोकने की कोशिश की। योल पर कार्रवाई करने के लिए 1 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात करना पड़ा।
योल पर ये आरोप हैं
3 दिसंबर 2024 को योल ने देश में मार्शल लॉ (इमरजेंसी) लागू कर दिया था। संसद ने उनके फैसले को 3 घंटे बाद रद्द कर दिया। 14 दिसंबर को संसद ने उनके खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पारित कर उन्हें पद से हटा दिया। 14 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट में महाभियोग पर सुनवाई थी, लेकिन योल पेश नहीं हुए। इसके बाद उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया। योल की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों के पास 48 घंटे का समय है। इसके बाद औपचारिक गिरफ्तारी के लिए कोर्ट से अनुमति लेनी होगी। महाभियोग और विद्रोह के आरोपों पर सुप्रीम कोर्ट को 180 दिनों में फैसला देना होगा।
लोकप्रियता में गिरावट
योल की लोकप्रियता अब 17% तक गिर गई है, जो साउथ कोरिया के इतिहास में सबसे कम है। उनकी पत्नी के विवादों ने भी उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया। इस मामले पर देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी हैं। योल के समर्थकों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर अब सबकी निगाहें टिकी हैं।





