सोनिया गांधी की तबीयत में सुधार, जल्द मिल सकती है अस्पताल से छुट्टी

दिल्ली। दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की सेहत में अब सुधार देखा जा रहा है। अस्पताल प्रशासन ने जानकारी दी है कि उनकी हालत स्थिर है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप के अनुसार, रविवार रात नौ बजे सोनिया गांधी को पेट से जुड़ी तकलीफ के कारण भर्ती किया गया था। उन्हें गैस्ट्रोइंटेरोलॉजिकल परेशानी के चलते गंगाराम अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. एस. नंदी की देखरेख में किया जा रहा है।
सेहत में हो रहा सुधार
सोनिया गांधी की विस्तृत जांच की जा चुकी है, जिसमें एमआरआई सहित कई मेडिकल टेस्ट शामिल हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, यदि एमआरआई की रिपोर्ट सामान्य पाई जाती है तो मंगलवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है। डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी तबीयत पर नजर रख रही है। अभी तक की जानकारी के अनुसार सोनिया गांधी की स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है और उनका इलाज संतोषजनक ढंग से आगे बढ़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने जल्द स्वस्थ होने की कामना की
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। पार्टी के कई बड़े नेता अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल भी ले चुके हैं। गौरतलब है कि सोनिया गांधी पहले भी स्वास्थ्य संबंधी कारणों से समय-समय पर अस्पताल में भर्ती होती रही हैं, लेकिन इस बार की स्थिति सामान्य मानी जा रही है। यदि सभी रिपोर्ट अनुकूल रहती हैं, तो वे एक-दो दिनों में घर लौट सकती हैं।





