रायगढ़ में ‘सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ से घर-घर पहुंच रही सौर ऊर्जा

रायगढ़। प्रधानमंत्री ‘सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ का लाभ अब जिले के लोग तेजी से उठा रहे हैं। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में इस योजना का लगातार प्रचार किया जा रहा है। इसी के तहत लोचन नगर के प्रदीप मिश्रा ने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट का सोलर रूफटॉप पैनल लगवाया है।
पहले प्रदीप मिश्रा को सौर ऊर्जा के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी, लेकिन बिजली विभाग से योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने इसे अपनाने का फैसला किया। ग्रामीण बैंक से ऋण लेकर उन्होंने यह सिस्टम लगवाया। उन्हें केंद्र सरकार से 78 हजार रुपये और राज्य सरकार से 30 हजार रुपये की सब्सिडी भी मिली।
सौर पैनल लगने के बाद उनके बिजली बिल में काफी कमी आई है। पहले जहां महीने में करीब 550 यूनिट बिजली की खपत होती थी, वहीं अब अगस्त में यह घटकर लगभग 300 यूनिट रहने की उम्मीद है। प्रदीप मिश्रा का कहना है कि यह योजना न केवल पैसे की बचत करती है बल्कि स्वच्छ ऊर्जा के इस्तेमाल से पर्यावरण को भी फायदा पहुंचाती है।
उन्होंने जिले के लोगों से अपील की कि वे भी इस योजना का लाभ लें। योजना के तहत अलग-अलग क्षमता के सोलर पैनलों पर सरकार अलग-अलग सब्सिडी दे रही है और बिजली विभाग की मदद से जल्दी इंस्टॉलेशन हो रहा है। आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन है, जो cgiti.admissions.nic.in पोर्टल, पीएम सूर्यघर मोबाइल ऐप, सीएसपीडीसीएल की वेबसाइट, मोर बिजली ऐप या बिजली कंपनी के टोल फ्री नंबर 1912 पर कॉल करके किया जा सकता है।





