सामाजिक सम्मेलन कुरीतियों को खत्म करने और सामूहिक चिंतन का माध्यम: मुख्यमंत्री ने 11.75 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात

विष्णुदेव साय ने कहा कि सामाजिक सम्मेलन केवल मेल-मिलाप का अवसर नहीं होते, बल्कि समाज से कुरीतियों को दूर करने और सामूहिक चिंतन का भी महत्वपूर्ण मंच होते हैं। उन्होंने समाज को सशक्त बनाने और नशामुक्त वातावरण तैयार करने के लिए सभी वर्गों से सहयोग का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ के कुनकुरी विकासखंड स्थित खारीझरिया गांव में आयोजित झरिया यादव महासम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने खारीझरिया में मंगल भवन और सांस्कृतिक मंडप निर्माण की घोषणा की। साथ ही कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में 11 करोड़ 75 लाख 94 हजार रुपए की लागत से छह विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
इन विकास कार्यों में जोकारी से मधेश्वर पहाड़ पहुंच मार्ग, एनएच-43 से मयाली डेम पहुंच मार्ग और एसएच-17 से पुटकेला पहुंच मार्ग सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। इसके अलावा सीसी रोड और उचित मूल्य दुकान जैसे निर्माण कार्यों को भी मंजूरी दी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत समाज ही मजबूत राष्ट्र की नींव होता है। उन्होंने यादव समाज की परंपरा और गौवंश संरक्षण में योगदान की सराहना की और युवाओं से समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश में अब तक 26 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। महिलाओं के खातों में 15 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई है। किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है और होली से पहले अंतर की राशि का भुगतान करने का आश्वासन दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा को समाज की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक ब्लॉक में कॉलेज और प्रदेश में मेडिकल एवं इंजीनियरिंग संस्थानों के माध्यम से युवाओं को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी और समाज के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।





