आजाद हिंद एक्सप्रेस के जनरल कोच में धुआं, चेन पुलिंग से टला बड़ा हादसा

बिलासपुर। रायगढ़ स्टेशन से पहले पुणे–हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस (12129) के एक जनरल कोच में बुधवार रात अचानक धुआं उठने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना भूपदेवपुर–किरोड़ीमल नगर के बीच उस समय हुई, जब ट्रेन तेज रफ्तार से चल रही थी।
तीसरे जनरल कोच से अचानक घना धुआं निकलता देख यात्रियों ने तुरंत चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया। ट्रेन शाम 7 बजकर 41 मिनट पर पोल संख्या 599/21 के पास खड़ी कर दी गई। कोच में बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे, लेकिन सभी ने समझदारी दिखाते हुए बिना घबराए बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना ट्रेन में तैनात टीटीई चंचल कुमार ने कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और सुरक्षा कर्मी अलर्ट हो गए। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई कि किसी यात्री द्वारा जलती बीड़ी या सिगरेट फेंकने से कागजों में आग लगी होगी, जिससे धुआं फैला। हालांकि, पूछताछ के बावजूद कोई यात्री सामने नहीं आया।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेन को रात 8 बजकर 23 मिनट पर रवाना किया गया। रायगढ़ स्टेशन पहुंचने पर वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर और विद्युत स्टाफ ने संबंधित कोच की जांच की। जांच में किसी तरह का खतरा नहीं पाया गया, जिसके बाद रात 9 बजे ट्रेन को आगे के सफर के लिए रवाना कर दिया गया।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से चलती ट्रेन में धूम्रपान न करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सबसे बड़ी प्राथमिकता है और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्ती और निगरानी बढ़ाई जाएगी। इस घटना में किसी के हताहत न होने से सभी ने राहत की सांस ली।





