ग्वालियर में अपहरण के शिकार युवक की स्मार्टवॉच बनी जीवनरक्षक, पुलिस ने समय पर छुड़ाया

ग्वालियर में कर्ज विवाद के चलते अपहृत एक होटल मैनेजर की जान आधुनिक तकनीक ने बचा ली। अपहरणकर्ताओं द्वारा बंधक बनाए गए युवक ने स्मार्टवॉच की मदद से अपने अपहरण की सूचना बाहर पहुंचाई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित छुड़ा लिया।
पीड़ित 25 वर्षीय सौरभ शर्मा कोटेश्वर कॉलोनी का निवासी है और उत्तराखंड के हरिद्वार में होटल मैनेजर के रूप में काम करता है। वह छुट्टी पर ग्वालियर आया हुआ था। सौरभ ने कुछ समय पहले सूदखोरों से 2.90 लाख रुपये उधार लिए थे और 3.20 लाख रुपये लौटा भी दिए थे, लेकिन आरोपियों ने चक्रवृद्धि ब्याज जोड़ते हुए उससे छह लाख रुपये की मांग शुरू कर दी।
आरोप है कि इसी विवाद के चलते सूदखोरों ने सौरभ को घर के पास से जबरन उठाया और एक मकान में बंधक बना लिया। वहां उसके साथ मारपीट की गई और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। मारपीट के बाद आरोपी उसे कमरे में बंद कर बाहर चले गए।
इसी दौरान सौरभ की नजर कमरे में रखी एक स्मार्टवॉच पर पड़ी। उसने उसी स्मार्टवॉच से अपनी गर्लफ्रेंड को कॉल किया और अपहरण की जानकारी देते हुए अपनी लोकेशन साझा कर दी। सूचना मिलते ही गर्लफ्रेंड ने सौरभ के परिजनों और पुलिस को इसकी जानकारी दी।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया और दबाव बनाकर दूसरे आरोपी से संपर्क किया। पुलिस की कार्रवाई के चलते अपहृत युवक को छोड़ दिया गया। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार मामला अवैध सूदखोरी और जबरन वसूली से जुड़ा है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पूरे मामले की जांच जारी है।





