रायपुर के 6 प्रमुख मार्ग बने नो फ्लैक्स ज़ोन, सिर्फ शासकीय विज्ञापनों को अनुमति

रायपुर। राजधानी रायपुर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर पालिक निगम रायपुर ने बड़ा फैसला लिया है। महापौर मीनल चौबे के नेतृत्व और नगरीय नियोजन एवं भवन अनुज्ञा विभाग के अध्यक्ष मनोज वर्मा के मार्गदर्शन में शहर के 6 प्रमुख मार्गों को नो फ्लैक्स ज़ोन घोषित किया गया है। इन मार्गों पर अब निजी फ्लैक्स और होर्डिंग लगाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। केवल शासकीय विज्ञापनों को ही छूट दी गई है।
नगर निगम की मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की बैठक में लिए गए निर्णय के बाद इन सभी मार्गों पर नो फ्लैक्स ज़ोन के बोर्ड भी लगा दिए गए हैं। नगर निवेश विभाग के उड़न दस्ते को इस नियम का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
नो फ्लैक्स ज़ोन घोषित किए गए प्रमुख मार्ग इस प्रकार हैं-
- जीई रोड पर टाटीबंध चौक से जयस्तम्भ चौक होते हुए तेलीबांधा थाना चौक तक
- पचपेड़ी नाका चौक से लालपुर ओवरब्रिज तक
- शहीद भगत सिंह चौक से छत्तीसगढ़ क्लब होते हुए कैनाल लिंकिंग रोड ट्रैफिक सिग्नल और सिविल लाइन मार्ग
- एनआईटी रायपुर से गोल चौक होते हुए रायपुरा चौक तक
- जयस्तम्भ चौक से सिटी कोतवाली चौक होकर बिजली ऑफिस चौक तक
- महिला थाना चौक से बूढ़ेश्वर मंदिर चौक तक
महापौर मीनल चौबे, अध्यक्ष मनोज वर्मा और आयुक्त विश्वदीप ने नगर निगम के सभी जोन कमिश्नरों, नगर निवेशकों और अभियंताओं को निर्देश दिए हैं कि रोजाना निगरानी करते हुए अभियान चलाया जाए और नो फ्लैक्स ज़ोन का सख्ती से पालन कराया जाए।
नगर निगम का कहना है कि इस फैसले से शहर की सुंदरता बढ़ेगी, ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी और अवैध विज्ञापनों पर प्रभावी नियंत्रण हो सकेगा।





