रक्षाबंधन मनाने मायके आई बहन की कुल्हाड़ी से हत्या, भाई ने मोबाइल छीनने पर मारा गला

सरगुजा। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां रक्षाबंधन मनाने मायके आई 25 वर्षीय महिला मुनेश्वरी मझवार की उसके ही बड़े भाई जयप्रकाश मझवार (31) ने कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी। यह घटना ग्राम लिपिंगी के मझवार पारा में मंगलवार देर रात की है।
जानकारी के अनुसार, मुनेश्वरी अपने दो बच्चों के साथ मायके आई थी। रात को उसने अपने भाई को मोबाइल पर देर तक व्यस्त देखा। उसने टोका और मोबाइल छीन लिया, इसी बात पर दोनों में विवाद हो गया। विवाद के बाद मुनेश्वरी बच्चों के साथ जमीन पर सो गई। आधी रात को जयप्रकाश ने सोती हुई बहन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी गला और सांस की नली कट गई। चेहरे और गर्दन पर भी गंभीर चोटें आईं।
मुनेश्वरी की चीख सुनकर परिवार के लोग जागे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। आरोपी जयप्रकाश मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर लखनपुर थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। कुन्नी चौकी प्रभारी डेविड मिंज ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जब्त की गई और कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। पुलिस ने धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया है।





