शुभमन गिल बने भारत के 37वें टेस्ट कप्तान – जानिए उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी क्यों मिली

भारतीय क्रिकेट में एक नया अध्याय शुरू हो गया है। 25 वर्षीय युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को भारत की टेस्ट टीम का 37वां कप्तान नियुक्त किया गया है। टीम के आगामी इंग्लैंड दौरे के लिए बीसीसीआई ने यह बड़ा फैसला लिया, जहां भारत को 5 टेस्ट मैच खेलने हैं। गिल की कप्तानी में एक नई और युवा टीम इंग्लैंड जाएगी, जिसमें कई बदलाव किए गए हैं। इस फैसले ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है।
कप्तानी की दौड़ में थे कई नाम, बाज़ी मारी शुभमन ने
कप्तानी की रेस में जसप्रीत बुमराह, केएल राहुल जैसे अनुभवी नाम भी शामिल थे, लेकिन चयनकर्ताओं ने गिल पर भरोसा जताया। बीसीसीआई चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह निर्णय भारतीय क्रिकेट के भविष्य की योजना को ध्यान में रखकर लिया गया है।
जानिए शुभमन गिल को कप्तान बनाए जाने की 5 बड़ी वजहें
1. लंबी रेस का घोड़ा हैं गिल
शुभमन गिल को भारतीय क्रिकेट का भविष्य माना जाता है। उनकी उम्र अभी सिर्फ 25 साल है और वो तीनों फॉर्मेट में खुद को साबित कर चुके हैं। गिल भारत के चौथे सबसे युवा टेस्ट कप्तान बन गए हैं।
2. फिट और लगातार उपलब्ध
गिल की सबसे बड़ी ताकत उनकी फिटनेस है। वो अब तक शायद ही किसी सीरीज से चोट के कारण बाहर हुए हों। टेस्ट क्रिकेट में लगातार उपलब्ध रहना और प्रदर्शन करना किसी भी कप्तान के लिए बेहद अहम है।
3. कप्तानी के साथ बल्लेबाजी में भी शानदार
गिल ने हाल ही में आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस की कप्तानी करते हुए जबरदस्त प्रदर्शन किया है। उन्होंने 13 मैचों में 57.81 की औसत से 636 रन बनाए हैं। कप्तानी के दबाव में उनका बल्ला और भी तेज चला है।
4. विराट कोहली के आदर्श उत्तराधिकारी
गिल को टेस्ट क्रिकेट में नंबर 4 पर खेलने के लिए विराट कोहली का उत्तराधिकारी माना जा रहा है। कोहली के संन्यास के बाद इस पोजीशन को भरना एक बड़ी चुनौती थी, जिसे गिल ने बखूबी स्वीकार किया है।
5. गंभीर का रणनीतिक समर्थन
टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने युवा खिलाड़ियों को मौका देने की रणनीति अपनाई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गंभीर ने गिल को कप्तान बनाने के लिए चयन समिति को मनाया और एक युवा टेस्ट टीम का खाका तैयार किया।
शुभमन गिल का टेस्ट करियर अब तक
टेस्ट डेब्यू: 2021
मैच: 32
रन: 1,893
शतक: 5
इसके अलावा गिल ने वनडे और टी20 में उपकप्तान की भूमिका भी निभाई है। वह चैंपियंस ट्रॉफी 2025 जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे और जिम्बाब्वे में टी20 सीरीज जीत में कप्तान के रूप में नेतृत्व किया।




