पंजाब में शिवसेना नेता की गोली मारकर हत्या, एकनाथ शिंदे ने AAP सरकार पर निशाना साधा

पंजाब के मोगा में शिवसेना (शिंदे गुट) के जिला अध्यक्ष मंगतराम मंगा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हमले के लिए खालिस्तानी समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। इस घटना ने पंजाब में राजनीतिक हलचल मचा दी है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घटना की कड़ी निंदा की और पंजाब की AAP सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए शिंदे ने कहा, “मोगा में हमारे शिवसेना जिला अध्यक्ष मंगतराम मंगा जी की नृशंस हत्या बहुत दुखद है। पंजाब में खालिस्तानी विचारधारा वाले लोगों द्वारा एक शिवसैनिक की खुलेआम हत्या से राज्य की AAP सरकार की जर्जर कानून व्यवस्था का खुलासा होता है। हम इस हमले की कड़ी निंदा करते हैं और हम चाहते हैं कि हत्या के सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और सख्त सजा दी जाए।”
इसके अलावा, शिंदे ने मृतक मंगतराम के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और कहा, “शिवसेना पूरी मजबूती के साथ मंगतराम जी के परिवार के साथ खड़ी है। शिवसेना पार्टी ने मंगतराम जी के परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया है। मंगतराम जी हिंदुत्व के प्रति समर्पित एक कर्मठ शिवसैनिक थे। उनकी आत्मा को शांति मिले।”
पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं। आरोपियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ मोलोट बस स्टैंड पर हुई, जिसमें आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे आरोपी घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।





