चैंपियंस ट्रॉफी: पांच वाइड गेंदों के बाद अचानक मैदान से बाहर क्यों चले गए शमी ?

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के रोमांचक मुकाबले में भारत और पाकिस्तान की टीमों के बीच मैच जारी है, लेकिन भारतीय टीम के लिए एक चिंता की खबर आई है। मोहम्मद शमी, जो पिछले कुछ समय से शानदार प्रदर्शन कर रहे थे, इस मैच में शुरूआत में ही थोड़े परेशान नजर आए। पारी की शुरुआत करते हुए शमी का पहला ओवर कुछ खास नहीं रहा। उन्होंने पहले ओवर में पांच वाइड गेंदें डाली और कुल 6 रन दिए। हालांकि, अगले दो ओवरों में उन्होंने सुधार दिखाया और सिर्फ चार और तीन रन ही दिए।
आपको बताता चलूँ कि मोहम्मद शमी हाल ही में टखने की चोट से उबर कर मैदान पर लौटे हैं। इस चोट के कारण वे लगभग एक साल तक क्रिकेट से दूर रहे थे। शमी ने इंग्लैंड के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज से अपनी वापसी की थी और चैंपियंस ट्रॉफी के पहले मैच में बांग्लादेश के खिलाफ पांच विकेट लेकर अपनी कड़ी मेहनत का फल भी पाया था।
लेकिन आज पाकिस्तान के खिलाफ मैच के दौरान शमी को एक और चोट का सामना करना पड़ा। यह घटना पाकिस्तानी पारी के पांचवे ओवर में हुई, जब शमी ने तीसरी गेंद फेंकी। चौथी गेंद डालने के बाद शमी के टखने में अचानक दर्द महसूस हुआ। फिजियो मैदान पर आए और उनका मुआयना किया। इसके बाद शमी मैदान से बाहर चले गए और हार्दिक पांड्या ने सातवां ओवर डाला।
भारतीय टीम के लिए यह एक बड़ा झटका हो सकता है, लेकिन अब देखना होगा कि भारतीय गेंदबाजी लाइनअप इस चुनौती का कैसे सामना करती है।





