केशकाल घाट पर भीषण जाम: ट्रेलरों की टक्कर से 12 घंटे तक फंसे रहे वाहन, लोग हुए परेशान

कोंडागांव। नेशनल हाइवे 30 पर स्थित केशकाल घाट में शनिवार सुबह बड़ा सड़क जाम लग गया। सुबह करीब 6 बजे दो ट्रेलरों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसके बाद सड़क के बीच में ही दोनों वाहन फंस गए और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
हादसे के बाद करीब 12 घंटे तक घाट पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। सबसे बड़ी परेशानी यह रही कि पुलिस मौके पर करीब तीन घंटे की देरी से पहुंची, जिससे स्थिति और ज्यादा बिगड़ गई। बाद में पुलिस ने वन-वे यातायात व्यवस्था शुरू कर छोटी गाड़ियों को किसी तरह निकालना शुरू किया, जबकि भारी वाहनों को घाट पर ही रोक दिया गया।
जाम में फंसे यात्रियों को तेज गर्मी, भूख और लंबे इंतजार की परेशानी झेलनी पड़ी। कई लोग घंटों तक गाड़ियों में फंसे रहे और पानी तक की समस्या हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घाट के संकरे और खतरनाक मोड़ हादसों और जाम की सबसे बड़ी वजह हैं। घाट की मरम्मत पर पहले ही करीब साढ़े 4 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक बाइपास सड़क का निर्माण नहीं होने से हालात जस के तस बने हुए हैं।
इस हादसे ने एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि केशकाल घाट के लिए बाइपास सड़क का काम आखिर कब शुरू होगा।





