छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड का कहर, अंबिकापुर में पारा 5 डिग्री पर पहुंचा

छत्तीसगढ़ इन दिनों कड़ाके की ठंड की चपेट में है। प्रदेश के उत्तरी इलाकों में पिछले तीन दिनों से सुबह के समय घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे कई जगहों पर दृश्यता लगभग शून्य हो गई है। बीते करीब दस दिनों से रात का न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरबा, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों के एक-दो इलाकों में घने कोहरे के आसार जताए गए हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दुर्ग संभाग के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति भी बनी रही।
राजधानी रायपुर में भी ठंड का असर देखने को मिल रहा है। मंगलवार को शहर में धुंध छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।





