बिलासपुर रेल सेक्शन में निर्माण कार्य के चलते 22-23 मार्च को कई ट्रेनें रद्द, यात्रियों को होगी परेशानी

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल के हथबंद-भाटापारा सेक्शन में रोड अंडरब्रिज निर्माण कार्य के तहत गर्डर डि-लॉन्चिंग का काम किया जा रहा है। इस कार्य के लिए ट्रैफिक सह पावर ब्लॉक लिया गया है, जिसके कारण 22 और 23 मार्च को कई ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहेंगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार 22 मार्च को छह मेमू और पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी। इनमें रायपुर-बिलासपुर, बिलासपुर-गेवरा रोड, गेवरा रोड-बिलासपुर, बिलासपुर-रायपुर, कोरबा-रायपुर और रायपुर-इतवारी के बीच चलने वाली गाड़ियां शामिल हैं। वहीं 23 मार्च को भी दो ट्रेनें रद्द रहेंगी, जिनमें इतवारी-रायपुर और रायपुर-बिलासपुर के बीच चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं।
इसके अलावा कुछ ट्रेनें आंशिक रूप से संचालित होंगी। 22 मार्च को झारसुगुड़ा से चलने वाली मेमू पैसेंजर बिलासपुर स्टेशन तक ही चलेगी और आगे का सफर रद्द रहेगा। इसी तरह गोंदिया से चलने वाली मेमू पैसेंजर बिलासपुर से ही प्रारंभ होगी और गोंदिया से बिलासपुर के बीच का हिस्सा रद्द रहेगा।
रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह कार्य अधोसंरचना विकास के तहत किया जा रहा है, जिससे भविष्य में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। हालांकि, फिलहाल ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।





