तेलंगाना में बड़े माओवादी कमांडर देवजी का आत्मसमर्पण

रायपुर/जगदलपुर। लगातार बढ़ते सुरक्षा बलों के दबाव के बीच तेलंगाना से माओवाद को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के पोलित ब्यूरो सदस्य और केंद्रीय समिति के वरिष्ठ सदस्य देवजी उर्फ तिरुपति ने 18 माओवादियों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया है।
देवजी को संगठन का शीर्ष कमांडर माना जाता था। उनका आत्मसमर्पण माओवादी नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। लंबे समय से सुरक्षा बलों के सघन अभियानों, नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई और बढ़ती घेराबंदी के कारण माओवादी नेतृत्व पर दबाव बढ़ रहा था। ऐसे में शीर्ष स्तर के नेता का सरेंडर संगठन की रणनीतिक और मनोवैज्ञानिक कमजोरी को दर्शाता है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का बयान
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बसवराजू के निष्क्रिय होने के बाद देवजी बड़ा माओवादी चेहरा था, जिसने आत्मसमर्पण किया है। उन्हें तेलंगाना में सरेंडर करने की सूचना मिली है।
उन्होंने कहा कि अभी कुछ और नाम शेष हैं, जो निष्क्रिय हैं, उन्हें भी मुख्यधारा में लाने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार की ओर से पुनर्वास की व्यवस्था की जा रही है, जिसमें बैंक सहायता, विवाह, खेती और रोजगार जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
हाल में आत्मसमर्पण करने वाले शीर्ष माओवादी कमांडर
1.सुजाता उर्फ कल्पना उर्फ पोथुला पद्मावती (किसनजी की पत्नी) – केंद्रीय समिति सदस्य – 13 सितंबर 2025, हैदराबाद (तेलंगाना)
2.मल्लोजुला वेणुगोपाल राव उर्फ भूपति – पोलित ब्यूरो/केंद्रीय समिति सदस्य – 14 अक्टूबर 2025, गढ़चिरौली (महाराष्ट्र)
3.सतीश उर्फ रूपेश उर्फ टक्कलपल्ली वासुदेव राव – केंद्रीय समिति सदस्य – 17 अक्टूबर 2025, जगदलपुर (छत्तीसगढ़)
4.पुलुरी प्रसाद राव उर्फ चंद्रन्ना – केंद्रीय समिति सदस्य – 29 अक्टूबर 2025, हैदराबाद (तेलंगाना)
5.रामदर मज्जी उर्फ सोमा – केंद्रीय समिति सदस्य – 8 दिसंबर 2025, राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)
6.देवजी उर्फ तिरुपति – पोलित ब्यूरो/केंद्रीय समिति सदस्य – 22 फरवरी 2026, तेलंगाना
बढ़ता दबाव, बदलता परिदृश्य
सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई और राज्यों के बीच समन्वित रणनीति के चलते माओवादी संगठन के शीर्ष नेतृत्व पर दबाव बढ़ा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इसी तरह अभियान जारी रहा, तो आने वाले समय में और भी बड़े सरेंडर देखने को मिल सकते हैं।





