गूगल पर हेल्पलाइन नंबर ढूंढना पड़ा भारी, अधिवक्ता से ₹94,252 की ऑनलाइन ठगी

बिलासपुर। शहर के एक अधिवक्ता के साथ बड़ा ऑनलाइन फ्रॉड हो गया। पेंशन ट्रांसफर कराने के लिए गूगल से हेल्पलाइन नंबर ढूंढना उन्हें भारी पड़ गया। ठग ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर अधिवक्ता से खाते की जानकारी ले ली और ₹94,252 की ठगी कर ली।
पीड़ित अधिवक्ता दीपक धारा, जो राजीव विहार कॉलोनी (वार्ड-50) में रहते हैं, अपने दिवंगत पिता की पेंशन ट्रांसफर कराने के लिए राजकिशोर नगर स्थित एसबीआई शाखा में पहले ही आवेदन कर चुके थे। प्रक्रिया में देरी होने पर उन्होंने गूगल पर एसबीआई का हेल्पलाइन नंबर सर्च किया और वहां मिले एक नंबर पर कॉल किया।
फोन रिसीव करने वाले ने खुद को एसबीआई हेड ऑफिस का कर्मचारी बताया और मदद करने का भरोसा दिया। बाद में पीड़ित को एक व्हाट्सएप कॉल आया, जिसमें ठग ने खाते और यूपीआई से जुड़ी जानकारी मांगी। जैसे ही अधिवक्ता ने जानकारी साझा की, उनके खाते से ₹94,252 की राशि निकाल ली गई।
ठगी का एहसास होते ही उन्होंने तुरंत बैंक जाकर खाता ब्लॉक कराया और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज की। इसके बाद सरकंडा थाने में भी मामला दर्ज कराया गया है।
पुलिस ने साइबर ठगी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गूगल पर दिखने वाले हेल्पलाइन नंबर अक्सर फर्जी हो सकते हैं। ऐसे में बैंक की आधिकारिक वेबसाइट या एप से ही संपर्क करें और कभी भी खाते की गोपनीय जानकारी किसी अनजान को न दें।





