भीषण गर्मी में राहत का ठिकाना बना स्काउट गाइड का प्याऊ घर

गर्मी के बढ़ते कहर से जहां आम जनजीवन बेहाल है, वहीं भारत स्काउट गाइड संगठन ने राहत पहुंचाने के लिए प्याऊ घर खोलने की सराहनीय पहल की है। संगठन ने प्रदेशभर में प्याऊ घर शुरू करने का निर्णय लिया है, ताकि राहगीरों को ठंडा और स्वच्छ पानी मिल सके। इसी कड़ी में बिलासपुर कलेक्ट्रेट के सामने एक प्याऊ घर का शुभारंभ किया गया है। यहां स्काउट और गाइड के युवा सदस्य पूरे जोश और समर्पण भाव से सेवा में जुटे हुए हैं।
युवाओं की सेवा भावना से मिल रही राहगीरों को राहत
इस प्याऊ घर में रोजाना सैकड़ों लोग आकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं। स्काउट और गाइड के सदस्य शिफ्ट के अनुसार ड्यूटी कर रहे हैं, ताकि हर आने-जाने वाले को समय पर ठंडा पानी मिल सके। यह पहल न सिर्फ राहगीरों के लिए राहत है, बल्कि समाज में युवाओं की जिम्मेदारी और सामाजिक जुड़ाव को भी दर्शाती है।
सेवा, सहयोग और समर्पण की भावना से संचालित यह प्याऊ घर पूरे गर्मी के मौसम में कार्यरत रहेगा। शिफ्ट प्रणाली के चलते सेवा में लगे युवाओं को भी विश्राम का अवसर मिल रहा है और सेवा का सिलसिला लगातार जारी है। यह प्याऊ अब केवल पानी देने का स्थान नहीं, बल्कि समाज में एक सकारात्मक संदेश और प्रेरणा का केंद्र बन चुका है।





