CG Raipur:श्री चैतन्य टेक्नो स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन, छात्रों ने दिखाई अद्भुत प्रतिभा

CG Raipur: रायपुर। सरोना स्थित श्री चैतन्य टेक्नो स्कूल में विज्ञान और कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा नर्सरी से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना और उनकी कलात्मक अभिरुचि को प्रोत्साहित करना था।
प्रदर्शनी का उद्घाटन वरिष्ठ पत्रकार एवं समाज सेविका मेघा तिवारी और डिप्टी नर्सिंग सुप्रीटेंडेंट (एम्स) जक्का प्रदीप कुमार, मिरियाला रवि चंद्रा, मावीला सतीश और ए.जी.एम (चैतन्य टेक्नो स्कूल) आर. आई. कट्टा साई कुमार एवं तनुश्री दास ने किया।
विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया
इस अवसर पर मेघा तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई के लिए ही नहीं, बल्कि प्रतिभा को निखारने का सबसे उपयुक्त स्थान होता है। उन्होंने छात्रों को अपने समय का सही उपयोग करने और हर अवसर का लाभ उठाने की सलाह दी। स्कूल की प्रिंसिपल मंजुला देशमुख ने कहा कि विद्यालय का निरंतर प्रयास रहता है कि विद्यार्थी विज्ञान और कला के क्षेत्र में नए विचारों को अपनाएं और अपने प्रयोगों को व्यवहारिक रूप दें।
छात्रों ने बनाए आकर्षक मॉडल
प्रदर्शनी में नर्सरी से दूसरी कक्षा तक के बच्चों ने विज्ञान और सामाजिक विज्ञान से जुड़े मॉडल प्रस्तुत किए। वहीं, तीसरी से आठवीं तक के छात्रों ने भौतिकी, रसायन शास्त्र और जीव विज्ञान पर आधारित मॉडल प्रदर्शित किए। छात्रों ने अपने रचनात्मक विचारों से सभी को प्रभावित किया।
अभिभावकों और शिक्षकों का सहयोग
इस अवसर पर शिक्षक और अभिभावक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों की मेहनत और उनके मॉडलों की सराहना की। मेघा तिवारी ने छात्रों की प्रतिभा को देखकर उनकी जमकर तारीफ की और उन्हें प्रोत्साहित किया।
इस प्रदर्शनी ने न केवल छात्रों को अपनी वैज्ञानिक और कलात्मक सोच को प्रस्तुत करने का मौका दिया, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाया।





