छुट्टी के बाद भी स्कूल! गर्मी की छुट्टियों में भी पढ़ाई करा रहे निजी स्कूल

बिलासपुर – छत्तीसगढ़ सरकार ने 25 अप्रैल से सभी सरकारी और निजी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया है, लेकिन बिलासपुर के कुछ बड़े निजी स्कूल अब भी बच्चों को स्कूल बुला रहे हैं। ब्रिलियंट और लोयला जैसे स्कूलों में पढ़ाई जारी है, जिससे सरकारी आदेश की खुलेआम अनदेखी हो रही है।
इन दिनों तापमान 44 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है, जिससे बच्चों को स्कूल बुलाना उनके स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकता है। गर्मी में हीट स्ट्रोक की आशंका के बावजूद स्कूल प्रशासन बच्चों को लगातार कक्षाओं के लिए बुला रहा है।
ग्रैंड न्यूज़ की टीम ने किया स्कूलों का निरीक्षण
जब ग्रैंड न्यूज़ की टीम ने मौके पर जाकर जांच की, तो कई बड़े निजी स्कूल खुले मिले, जबकि छोटे स्कूल बंद थे। इस स्थिति पर जब अभिभावकों से बात करने की कोशिश की गई, तो अधिकतर ने स्कूल प्रबंधन के डर से कुछ भी बोलने से मना कर दिया।
प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल
अब बड़ा सवाल ये है कि क्या प्रशासन और शिक्षा विभाग को इन स्कूलों की जानकारी नहीं है या फिर सबकुछ जानते हुए भी नजरअंदाज किया जा रहा है? अगर जल्द सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसे स्कूल नियमों की धज्जियां उड़ाते रहेंगे और बच्चों की जान जोखिम में पड़ती रहेगी।
कुछ जागरूक अभिभावकों ने मांग की है कि नियम तोड़ने वाले स्कूलों की लिस्ट बनाकर उन पर जुर्माना लगाया जाए और भविष्य में ऐसी लापरवाही पर सख्त कार्रवाई हो।





